नया बदायूं, संवाददाता।
भारत स्काउट गाइड के तत्वावधान में स्काउट भवन प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित सम्मान समारोह किया गया। जिसमें 19वीं राष्ट्रीय ग्रांड फिनाले जंबूरी, लखनऊ तथा प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी, बालोद (छत्तीसगढ़) में प्रतिभाग कर जिले का गौरव बढ़ाने वाले स्काउट-गाइड, रोवर-रेंजर्स और स्काउट मास्टर, गाइड कैप्टन को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर स्काउट मास्टर आशुतोष शर्मा, कैलाश चंद्र, श्रेष्ठ जीत शाक्य सहित रोहित गुप्ता, फरदीन अहमद, जीवन गोला, हिमांशु, सौरभ गुप्ता, अरुण कुमार, मुज्जमिल सैफी, सचिन पाल और शिवम यादव समेत अनेक स्काउट-गाइड उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इन जंबूरियों में श्रीलंका, मालदीव, सऊदी अरब, इंग्लैंड, नेपाल, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और तुर्की सहित 50 से अधिक देशों के स्काउट्स-गाइड्स ने सहभागिता की। विभिन्न देशों के प्रतिभागियों के बीच जिले के स्काउट्स-गाइड्स ने अपनी प्रतिभा, एडवांस, पायनियरिंग, अनुशासन और सेवा कार्यों से विशेष पहचान बनाई। समारोह में भीषण गर्मी के दौरान लगाए गए निशुल्क शीतल जल सेवा शिविर में राहगीरों और यात्रियों को राहत पहुंचाने वाले स्काउट-गाइड को भी प्रमाण पत्र देकर विशेष सम्मान से नबाजा गया।
स्काउट पैदा करती देशभक्ति का जज्बा
मुख्य अतिथि प्रादेशिक वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं जिला मुख्यायुक्त महेश चंद्र सक्सेना ने कहा कि स्काउटिंग युवाओं में देशभक्ति का जज्बा पैदा करती है। सेवा कार्यों में आगे रहने वाले युवा ही समाज और देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला बनते हैं। राष्ट्रपति शिक्षक सम्मान प्राप्त जिला संगठन कमिश्नर मुहम्मद असरार ने कहा कि स्काउटिंग जीवन जीने की कला सिखाती है। युवाओं में मानवता और सहयोग की भावना जागृत करती है।
राष्ट्रपति ने भी किया सम्मानित
राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू, राज्यपाल आनंदी बेन, मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ, चीफ नेशनल कमिश्नर डा. केके खंडेलवाल, प्रदेश अध्यक्ष डा.महेंद्र सिंह, प्रादेशिक मुख्यायुक्त डा. प्रभात कुमार, प्रादेशिक वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेश चंद्र सक्सेना ने स्काउट गाइड के कार्यों की प्रशंसा की। कई देशों के स्काउट गाइड के बीच जिले के स्काउट गाइड ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि सेक्टर-15 वृंदावन योजना, लखनऊ में 23 से 29 नवंबर 2025 तक आयोजित 19वीं राष्ट्रीय ग्रांड फिनाले जंबूरी तथा छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में 9 से 13 जनवरी 2026 तक आयोजित प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी में प्रतिभाग करने वाले स्काउट मास्टर, गाइड कैप्टन, स्काउट-गाइड एवं रोवर-रेंजर्स को सम्मानित किया गया।

Discussion about this post