नया बदायूं, संवाददाता।
जिले में अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में चल रही ज्योति कलश रथ यात्रा का कोल्हाई क्षेत्र में भव्य स्वागत किया गया। वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में निकली इस यात्रा में शामिल 2400 तीर्थों के जल-रज से युक्त शक्तिकलश और अखंड ज्योति का श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर अभिनंदन किया।
यात्रा के दौरान मातृशक्तियों और देवकन्याओं ने भजन-कीर्तन कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। शाम को विभिन्न गांवों, कस्बों और शहरों से होती हुई यह ज्योति कलश रथ यात्रा कोल्हाई स्थित मुरारी लाल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंची, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
विराट दीपयज्ञ बना आकर्षण का केंद्र
विद्यालय परिसर में आयोजित विराट दीपयज्ञ में ओम और स्वास्तिक के स्वरूप में सजाए गए दीपों की अलौकिक छटा ने सभी का मन मोह लिया। गायत्री परिवार के लीलाधर शर्मा, पंकज कुमार और भवेश शर्मा ने वेद मंत्रोच्चारण के साथ दीपयज्ञ संपन्न कराया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि श्रेष्ठ संस्कारों से जीवन पवित्र और सफल बनता है। गायत्री शक्तिपीठ के ट्रस्टी सुखपाल शर्मा इस ज्योति कलश रथ यात्रा का मार्गदर्शन कर रहे हैं।
गणमान्य लोगों ने किया स्वागत
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव, प्रबंधक नरेंद्र माहेश्वरी, प्रधानाचार्य बेबी माहेश्वरी, प्रधान पप्पू मौर्य, जगदीश यादव सहित अनेक गणमान्य नागरिकों और श्रद्धालुओं ने शक्तिकलश का पूजन एवं भव्य स्वागत किया।
कल होगा पांच कुंडीय गायत्री महायज्ञ
गायत्री परिवार के डॉ. सोहनपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि मुरारी लाल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्रातः 8 बजे से पांच कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर डॉ. सोहन पाल सिंह, सौरभ पाल, ओमेंद्र पाल, लालमन, तेज सिंह, ज्ञान चंद्र पाल, रमेश पाल, हरिओम, जिला समन्वयक नरेंद्र पाल शर्मा, सुरेंद्र नाथ शर्मा, सुखपाल शर्मा, रामचंद्र प्रजापति, ममता पाल सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Discussion about this post