नया बदायूं, संवाददाता।
दातागंज तहसील क्षेत्र में हर साल आने वाली बाढ़ की समस्या को लेकर कांग्रेस ने बड़ा आंदोलन खड़ा करने का संकेत दिया है। रविवार को हर्रामपुर गांव में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने रामगंगा नदी के किनारे स्थायी समाधान के रूप में तटबंध (बांध) निर्माण की मांग को लेकर व्यापक संघर्ष छेड़ने की घोषणा की।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि दातागंज क्षेत्र के सैकड़ों गांव वर्षों से बाढ़ की त्रासदी झेल रहे हैं, लेकिन अब तक इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। कांग्रेस अब इस मुद्दे को जनआंदोलन बनाकर सरकार पर दबाव बनाएगी।
30 किलोमीटर तटबंध की उठाई मांग
अजीत यादव ने बताया कि रामगंगा नदी के किनारे दोनों तरफ मानपुर से सिमरिया तक और रूपपुर से भाऊ नगला तक लगभग 30 किलोमीटर लंबा तटबंध बनाया जाना बेहद जरूरी है। इससे दातागंज क्षेत्र को हर साल आने वाली बाढ़ से स्थायी राहत मिल सकती है।
हर साल कट जाता संपर्क, किसानों की हालत बदहाल
जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखते हुए बताया कि बाढ़ के चलते हर साल करीब चार महीने तक सड़क मार्ग बाधित रहता है। इससे हर्रामपुर, मौजमपुर, शेरपुर, नवादा, गढ़िया पैगम्बरपुर, लालपुर, गौंटिया, कुढ़रा मझरा समेत लगभग 50 गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट जाता है। बाढ़ के कारण खेतों में पानी भर जाता है, जिससे फसलें बर्बाद हो जाती हैं। किसानों को साल में केवल एक फसल (मुख्य रूप से गेहूं) ही मिल पाती है। इससे उनकी आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है।
शिक्षा और जनजीवन पर भी असर
ग्रामीणों ने बताया कि बाढ़ के कारण बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित होती है, क्योंकि स्कूल तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। साथ ही रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
सरकार पर साधा निशाना
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने कहा कि पिछले दस वर्षों में भाजपा की डबल इंजन सरकार बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के लोगों को राहत देने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने इस गंभीर समस्या की अनदेखी की है।
2027 में समाधान का वादा
अजीत यादव ने कहा कि यदि 2027 में प्रदेश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनती है, तो दातागंज क्षेत्र को बाढ़ मुक्त बनाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा और तटबंध निर्माण सुनिश्चित किया जाएगा।
जनसंवाद में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में कांग्रेस जिला सचिव मंजेश यादव, यूथ फॉर इंडिया के जिला कोऑर्डिनेटर ओमवीर दद्दा, रिटायर्ड कानूनगो सुरेंद्र सिंह, संतोष, सतेंद्र यादव, जतन सिंह, गजेन्द्र सिंह, नेम सिंह, ओमपाल सिंह, सोरन सिंह, योगेश यादव समेत दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Discussion about this post