नया बदायूं, संवाददाता।
थाना वजीरगंज क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे के निकट वनकोटा स्टैंड पर सोमवार को दिनदहाड़े हुई गोलीकांड की घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सहित स्थानीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना कुवंरगांव क्षेत्र के ग्राम गरुईया निवासी दिलीप यादव (55 वर्ष) पुत्र हरनाम यादव अपनी मोटरसाइकिल से गंगा एक्सप्रेसवे के पास स्थित वनकोटा स्टैंड पर पंचर लगवाने आए थे। इसी दौरान बदायूं की ओर से बाइक पर सवार होकर आए दो अज्ञात बदमाशों ने उन पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां लगने से दिलीप यादव गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल बदायूं रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक के बेटा राजेशने बताया कि दिलीप यादव की किसी से कोई पुरानी रंजिश या विवाद की जानकारी नहीं है। ऐसे में हत्या के पीछे के कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सके हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हृदेश कठेरिया गांव गरुईया पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को मामले की गहन जांच कर जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एसपी देहात का कहना है कि पीड़ित परिवार से तहरीर मांगी गई है तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी और घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा।
सीसीटीवी खंगाल रहे परिजन
गोलीकांड की घटना के बाद पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है तथा जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

Discussion about this post