बदायूं, संवाददाता।
जनपद बदायूं के सिलहरी बिजलीघर क्षेत्र में लंबे समय से तैनात दो मीटर रीडरों पर ग्रामीण उपभोक्ताओं ने मनमानी और बिजली बिल तैयार करने में अनियमितता के गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मीटर रीडर कई उपभोक्ताओं के घरों पर मीटर की वास्तविक रीडिंग लेने के बजाय कथित तौर पर घर बैठे ही बिल तैयार कर रहे हैं। इससे उपभोक्ताओं को वास्तविक बिजली खपत के विपरीत बिल मिलने की शिकायत सामने आ रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि मीटर रीडरों द्वारा उपभोक्ताओं से कथित रूप से सेवा शुल्क की मांग की जाती है। जो उपभोक्ता शुल्क देने से इनकार करते हैं, उनके घरेलू कनेक्शन का बिल अधिक कर दिए जाने का आरोप है। वहीं, शुल्क देने वाले उपभोक्ताओं के बिल कथित रूप से कम किए जाने की बात ग्रामीणों ने कही है। इससे उपभोक्ताओं में नाराजगी बनी हुई है।
आरोप यह भी है कि मीटर रीडर घर बैठे ही बिल तैयार कर लेते हैं और बाद में निर्धारित समय पर क्षेत्र में पहुंचकर उपभोक्ताओं से बिल की राशि वसूलते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि मीटर की वास्तविक रीडिंग के आधार पर बिल बनाए जाएं तो इस तरह की शिकायतों पर काफी हद तक रोक लग सकती है।
ग्रामीणों के मुताबिक सिलहरी बिजलीघर क्षेत्र के गांव बावट में घरेलू कनेक्शन धारकों के साथ कथित अनियमित बिलिंग की शिकायतें अधिक सामने आ रही हैं। ग्रामीणों का दावा है कि इस संबंध में बिजली विभाग के अवर अभियंता समेत अन्य अधिकारियों को कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोनों मीटर रीडरों द्वारा पूर्व में की गई बिलिंग की जांच कराने और शिकायतों की सत्यता सामने लाने की मांग की है। उनका कहना है कि जांच में यदि मीटर रीडिंग और बिलिंग में अंतर पाया जाता है तो जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
ग्रामीणों ने यह भी मांग की है कि क्षेत्र में मीटर रीडिंग की नियमित निगरानी की जाए और उपभोक्ताओं के बिल वास्तविक मीटर रीडिंग के आधार पर ही तैयार किए जाएं, ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी न हो और विभाग के राजस्व में भी किसी प्रकार की क्षति न हो।
जांच कराई जाएगी : विकास शर्मा
इस संबंध में अधिशासी अभियंता डिवीजन प्रथम विकास शर्मा ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी। जांच में आरोप सही पाए जाने पर दोनों मीटर रीडरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और उन्हें तत्काल प्रभाव से हटाया जाएगा।

Discussion about this post