नया बदायूं, संवाददाता।
बदायूं के इस्लामनगर कस्बे में शुक्रवार दोपहर बाइक और ऑटो के टच होने के मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। दो पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट व पथराव हुआ। घटना में करीब एक दर्जन लोग घायल हुए हैं। हालांकि केवल तीन घायल ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचे, जबकि अन्य लोग पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए निजी चिकित्सकों के यहां इलाज कराने चले गए। मोहर्रम जुलूस भी प्रभावित हुआ हैl एसे में कई थानों की फोर्स लगानी पड़ी है l
घटना इस्लामनगर के मछली बाजार की है। बताया जाता है कि मल्लू कुरैशी के बेटे आदिल की बाइक से मछली विक्रेता दीपक का ऑटो टच हो गया, जिससे बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। इसी दौरान क्षेत्र का मीट कारोबारी फारुख मौके पर पहुंचा और दीपक का पक्ष लेते हुए आदिल से बहस करने लगा। कुछ ही देर में दोनों पक्षों के दर्जनों लोग मौके पर जुट गए और विवाद मारपीट में बदल गया। इसके बाद दोनों ओर से जमकर पथराव हुआ। पथराव के कारण पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए दुकानों और घरों में छिपने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ लोगों ने छतों से भी पत्थर फेंके, जिससे हालात और बिगड़ गए। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लाठी फटकारकर भीड़ को खदेड़ा। साथ ही यूपी-112 की अतिरिक्त पुलिस टीमों को भी बुलाया गया। पुलिस के पहुंचते ही उपद्रवी मौके से भागने लगे। स्थिति नियंत्रण में आने के बाद पुलिस ने घरों और सड़कों से संदिग्धों को पकड़कर थाने भेजना शुरू किया। घटनास्थल से कुछ दूरी पर मोहर्रम का ताजिया रखा हुआ था, लेकिन राहत की बात रही कि वह पूरी तरह सुरक्षित रहा और कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। सीओ बिल्सी आलोक सिद्धू ने बताया कि पुलिस मौके पर मौजूद है। तीन घायलों का इलाज कराया गया है। अब तक नौ लोगों को हिरासत में लिया गया है। तहरीर मिलने के बाद नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है और पुलिस बल तैनात कर निगरानी की जा रही है।
