नया बदायूं, संवाददाता।
सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के 53वें जन्मदिन के अवसर पर पूरे प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बदायूं में पर्यावरण संरक्षण को समर्पित एक अनोखी पहल देखने को मिली, जहां वरिष्ठ समाजवादी नेता फखरे अहमद शोबी के नेतृत्व में 53 अलग-अलग स्थानों पर व पौधरोपण अभियान चलाया गया।
सपा द्वारा घोषित ‘पर्यावरण संरक्षण सप्ताह अभियान’ के अंतर्गत बदायूं विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ सपा नेता फखरे अहमद शोबी ने अपने सहयोगियों के साथ यह संकल्प लिया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के 53वें जन्मदिन को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाले अभियान के रूप में मनाया जाएगा। इसी संकल्प के तहत विधानसभा क्षेत्र के 53 बूथों एवं विभिन्न गांवों में फलदार और छायादार पौधों का रोपण किया गया। अभियान के दौरान फखरे अहमद शोबी अपनी टीम के साथ बगली नगर, रफियाबाद, विलहत, कान्हा नगला, कुंडरा, अहिरवारा, नदौलिया सहित अनेक गांवों में पहुंचे और ग्रामीणों के सहयोग से पौधे लगाए। उन्होंने लोगों से पौधारोपण के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल करने का भी आह्वान किया। फखरे अहमद शोबी ने कहा कि आज पर्यावरण संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। लगातार बढ़ते प्रदूषण, घटते वन क्षेत्र और बदलते जलवायु संतुलन के बीच प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह अधिक से अधिक पौधे लगाए और उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पर्यावरण संरक्षण की सोच समाज के लिए प्रेरणादायी है और उनके 53वें जन्मदिन पर 53 स्थानों पर वृक्षारोपण कर पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का प्रयास किया है। पौधरोपण अभियान के दौरान ग्रामीणों और सपा के कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। सभी उपस्थित लोगों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने तथा अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संकल्प भी लिया। इस अवसर पर मोद प्रकाश पाल, राममोहन सिंह, हर्षवर्धन लोधी, शौकत, देवेश, मुन्ने अली, बेचे अली, अफसर अली, अली मोहम्मद सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Discussion about this post