बदायूं संवाददाता।
पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन बदायूं स्थित शहीद स्मारक पर देश की रक्षा और कर्तव्य पालन के दौरान अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर पुलिसकर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहीदों को नमन करते हुए उनके बलिदान को याद किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद शहीद पुलिसकर्मियों को पुष्पांजलि अर्पित की गई। पुलिस गार्द ने शोक शस्त्र और सलामी देकर शहीदों को सम्मान दिया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित किए और दो मिनट का मौन धारण कर वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान एसएसपी अंकिता शर्मा ने शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
एसएसपी अंकिता शर्मा ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। यह दिवस उन पुलिसकर्मियों के अदम्य साहस, समर्पण और बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने राष्ट्र और समाज की सुरक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने कहा कि कर्तव्य पथ पर शहीद हुए पुलिसकर्मियों का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका साहस और कर्तव्यनिष्ठा पुलिस बल के प्रत्येक सदस्य के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर सुमेध मिलिंद जाधव, क्षेत्राधिकारी उझानी राहुल पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी दातागंज अशेषनाथ सिंह, क्षेत्राधिकारी सहसवान अशोक कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव, प्रतिसार निरीक्षक इन्द्रजीत सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Discussion about this post