नया बदायूं, संवाददाता।
एक पेड़ मां के नाम” वृहद वृक्षारोपण महाअभियान-2026 के तहत पुलिस लाइन बदायूं में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी अवनीश कुमार राय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा तथा मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला द्वारा पौधारोपण किया गया।

रविवार को इस दौरान अधिकारियों ने जनपदवासियों से अपील की कि वे “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनके संरक्षण व देखभाल का संकल्प भी लें। उन्होंने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन, जल संरक्षण, जैव विविधता और स्वच्छ वातावरण के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। अधिकारियों ने बताया कि वृक्ष हमें प्राणवायु प्रदान करते हैं, वर्षा चक्र को बनाए रखते हैं और जलवायु परिवर्तन जैसी गंभीर चुनौतियों से लड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रदूषण, बढ़ते तापमान और जल संकट जैसी समस्याओं के समाधान में भी वृक्षों का विशेष योगदान है। उन्होंने कहा कि जब प्रशासन, समाज, विद्यार्थी, किसान और जनप्रतिनिधि मिलकर इस अभियान को जनआंदोलन बनाएंगे, तभी हरित, स्वच्छ और समृद्ध भारत का निर्माण संभव होगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद के सभी थाना परिसरों, पुलिस चौकियों और पुलिस कार्यालयों में भी इस अभियान के तहत व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया गया। जनपद पुलिस हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ इस महाअभियान में सक्रिय भागीदारी निभा रही है।

Discussion about this post