कुंवरगांव, संवाददाता।Nayabadaun
जनपद बदायूं के कुंवरगांव थाना क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में ट्यूबवेलों से चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। अज्ञात चोरों ने बीती रात वनगढ़, हरिनगला, चकोलर समेत कई गांवों के जंगलों में किसानों के खेतों पर लगे ट्यूबवेलों को निशाना बनाया। चोर एक दर्जन से अधिक ट्यूबवेलों से बिजली के तार, स्टार्टर और अन्य कीमती उपकरण चोरी कर ले गए। सुबह खेतों पर पहुंचे किसानों को चोरी की जानकारी हुई तो हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि चोर रात के अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों में पहुंचे और एक-एक कर ट्यूबवेलों के उपकरण खोलकर ले गए। कई ट्यूबवेलों से बिजली के तार काट दिए गए, जबकि स्टार्टर समेत अन्य उपकरण भी गायब मिले। चोरी हुए सामान की कीमत हजारों रुपये बताई जा रही है।
ट्यूबवेलों से सामान चोरी होने के कारण किसानों के सामने आर्थिक नुकसान के साथ फसलों की सिंचाई का संकट भी खड़ा हो गया है। इस समय खेतों में फसलों को पानी की आवश्यकता है, लेकिन ट्यूबवेलों के उपकरण चोरी होने से किसान सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। किसानों को अब दोबारा तार, स्टार्टर और अन्य उपकरण खरीदने के लिए अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ेगा।
ग्रामीणों का कहना है कि खेतों में बने ट्यूबवेल आबादी से दूर होने के कारण चोर आसानी से वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं। इससे पहले भी क्षेत्र में ट्यूबवेलों से सामान चोरी होने की घटनाएं सामने आती रही हैं। लगातार हो रही चोरियों से किसानों में रोष और असुरक्षा का माहौल है।
किसानों ने पुलिस से मामले में जल्द कार्रवाई करते हुए चोरों का पता लगाने, चोरी हुआ सामान बरामद करने और रात के समय ग्रामीण क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने की मांग की है। किसानों का कहना है कि यदि पुलिस ने ट्यूबवेल चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लगाया तो चोरों के हौसले और बढ़ सकते हैं।

Discussion about this post