नया बदायूं, संवाददाता।
जनपद में बालिकाओं को सशक्त बनाने और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए महिला कल्याण विभाग लगातार कार्य कर रहा है। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत अब तक 31,172 बालिकाओं को लाभान्वित कर उनके लालन-पालन, स्वास्थ्य और शिक्षा को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
महिला कल्याण विभाग द्वारा मिशन शक्ति और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत जिले भर में जागरूकता कैंप आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें बालिकाओं को योजना की जानकारी, हेल्पलाइन सेवाएं और करियर काउंसलिंग प्रदान की जा रही है। इसके परिणामस्वरूप जनपद की कई बालिकाएं देश के विभिन्न राज्यों के विश्वविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही हैं।
2019 से संचालित योजना
प्रदेश में लिंगानुपात संतुलित करने, कन्या भ्रूण हत्या पर रोक लगाने, बालिकाओं के स्वास्थ्य व शिक्षा को सुदृढ़ करने और परिवार को आर्थिक सहयोग देने के उद्देश्य से यह योजना 01 अप्रैल 2019 से संचालित है। योजना का संचालन ऑनलाइन पोर्टल mksy.up.gov.in के माध्यम से किया जाता है और लाभार्थियों को धनराशि पीएफएमएस के जरिए सीधे बैंक खातों में भेजी जाती है।
यह है पात्रता
योजना के तहत पात्रता में उत्तर प्रदेश का निवासी होना, परिवार की वार्षिक आय अधिकतम 3 लाख रुपये होना और एक परिवार की अधिकतम दो बालिकाओं को लाभ मिलना शामिल है, हालांकि विशेष परिस्थितियों में जुड़वा संतान पर छूट भी दी गई है। योजना के अंतर्गत जन्म पर 5000 रुपये, पूर्ण टीकाकरण पर 2000 रुपये, कक्षा 1 में प्रवेश पर 3000 रुपये, कक्षा 6 में प्रवेश पर 3000 रुपये, कक्षा 9 में प्रवेश पर 5000 रुपये तथा कक्षा 12 के बाद स्नातक या डिप्लोमा में प्रवेश लेने पर 7000 रुपये की सहायता प्रदान की जाती है।
विभाग का संदेश
विभाग ने बताया कि पात्र बालिकाएं ऑनलाइन आवेदन कर इस योजना का लगातार लाभ उठा रही हैं। साथ ही अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपनी बेटियों के बेहतर भविष्य के लिए इस योजना का अधिक से अधिक लाभ लें।

Discussion about this post