बदायूं संवाददाता।
विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के देशव्यापी हितचिंतक अभियान का रविवार, 22 नवंबर को जनपद बदायूं में विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर विधायक महेश चंद्र गुप्ता रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पिछड़ा मोर्चा के जिला अध्यक्ष सुनील राठौर उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष नीरज रस्तोगी ने की, जबकि कार्यक्रम का संचालन एवं सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का शुभारंभ जिला संगठन मंत्री सोमेश वाजपेयी ने कराया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ के साथ हुआ। उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने एक साथ हनुमान चालीसा का पाठ कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद जयघोष के नारों से कार्यक्रम स्थल गूंज उठा। भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित किए गए। इसके उपरांत मुख्य अतिथि नगर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने फीता काटकर हितचिंतक अभियान का विधिवत शुभारंभ किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि नगर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने अभियान के शुभारंभ पर कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों ने अभियान के उद्देश्यों और संगठन की ओर से संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला अध्यक्ष नीरज रस्तोगी ने हितचिंतक अभियान के उद्देश्य एवं महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि विश्व हिंदू परिषद द्वारा प्रत्येक तीन वर्ष में हितचिंतक अभियान चलाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य हिंदू समाज के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच बनाना, उन्हें संगठन के कार्यों, विचारों और उद्देश्यों से परिचित कराना तथा समाज के लोगों को संगठन से जोड़ना है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष देशव्यापी हितचिंतक अभियान 22 नवंबर से 6 दिसंबर तक चलाया जाएगा। अभियान के दौरान विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे। उन्हें संगठन की गतिविधियों, सामाजिक सरोकारों और सेवा कार्यों की जानकारी देकर अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित करेंगे। इसके माध्यम से समाज के लोगों की सहभागिता बढ़ाने और संगठन की गतिविधियों को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
जिला अध्यक्ष ने बताया कि विश्व हिंदू परिषद की ओर से शिक्षा, स्वास्थ्य, सेवा एवं राहत कार्य, गौ संरक्षण, ग्राम विकास, संस्कार केंद्र, धर्म प्रसार, सामाजिक समरसता और परिवार प्रबोधन जैसे विभिन्न क्षेत्रों में गतिविधियां संचालित की जाती हैं। इसके साथ ही युवा एवं मातृशक्ति को केंद्र में रखकर भी अनेक कार्यक्रम किए जाते हैं। हितचिंतक अभियान के माध्यम से लोगों को इन सभी गतिविधियों से अवगत कराया जाएगा, ताकि समाज के अधिक से अधिक लोग इन कार्यों में अपनी सहभागिता निभा सकें।

उन्होंने कहा कि अभियान के अंतर्गत संगठन के उद्देश्यों और सामाजिक गतिविधियों में रुचि रखने वाले लोगों को हितचिंतक के रूप में जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए कार्यकर्ताओं को घर-घर संपर्क करने, लोगों को अभियान की जानकारी देने और संगठन के कार्यों से परिचित कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों ने अभियान को सफल बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि निर्धारित अवधि के दौरान कार्यकर्ता पूरी सक्रियता के साथ जनसंपर्क करेंगे और अभियान के उद्देश्यों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर जिला मंत्री विनय प्रताप सिंह, विभाग सह संयोजिका महेश सिंह, जिला संयोजिका प्रतिभा गुप्ता, जिला सह संयोजक आशीष उपाध्याय, जिला कोषाध्यक्ष नीरज कोचर, राजेश सपरा, मयूर गुप्ता, समीक्षा शर्मा, दीपक गुप्ता, प्रमोद गुप्ता, राजेश बाबू, नीरज शर्मा सहित विश्व हिंदू परिषद के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Discussion about this post