नया बदायूं, संवाददाता।
जनपद बदायूं के शहर में स्वीमिंग पूल की जांच करने गई नगर पालिका की टीम से एक पूल संचालक ने बदसलूकी कर दी। टीम से गालीगलौज की गई। वहीं जातिसूचक शब्द भी कहने का आरोप है। पालिका की ओर से मामले की तहरीर पुलिस को दी गई है। वहीं पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
बदायूं शहर नगर पालिका में तैनात सहायक अभियंता जल नितिन सक्सेना ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वो पालिका द्वारा स्वीमिंग पूल निरीक्षण कमेटी के अध्यक्ष बनाए गए हैं। मंगलवार वह कमेटी के 10 सदस्यों के साथ दरगाह रोड स्थित न्यू अलहम्द वॊटर पार्क का निरीक्षण करने गए थे। आरोप है कि इस दौरान पूल स्वामी ने टीम का सहयोग नहीं किया। टीम को पूल में घुसने भी नहीं दिया। साथ ही गालीगलौज की। टीम में सफाईकर्मी भी शामिल थे। उन्हें जातिसूचक शब्द कहे गए। टीम वहां से लौटी और पालिका चेयरमैन फात्मा रजा व अधिशासी अधिकारी विनय कुमार मणि त्रिपाठी से शिकायत की। जिम्मेदारों के निर्देश पर मामले की तहरीर पुलिस को दी गई। इधर, एसएचओ कोतवाली संजय कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। वहां लगे सीसीटीवी की फुटेज भी देखी जाएगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Discussion about this post