बदायूं, संवाददाता।
भारतीय मजदूर संघ जिला बदायूं की मासिक बैठक रविवार 15 नवंबर को उझानी स्थित जिला कार्यालय पर जिला अध्यक्ष राकेश सक्सेना की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में आगामी 1, 2 और 3 जनवरी को होने वाले भारतीय मजदूर संघ के त्रैवार्षिक अधिवेशन की तैयारियों, सहभागिता और संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में श्रमिकों, कर्मचारियों और विभिन्न विभागों में कार्यरत संविदाकर्मियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला मंत्री हेमंत कुमार ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ हमेशा से मजदूरों के अधिकार, सम्मान और आर्थिक सुरक्षा के लिए संघर्ष करता रहा है। वर्तमान समय में जरूरत है कि अधिक से अधिक मजदूरों, कर्मचारियों और श्रमिकों को संगठन से जोड़ा जाए, ताकि उनकी आवाज मजबूती के साथ सरकार तक पहुंचाई जा सके।
उन्होंने सरकार से मांग की कि बदायूं जिले में मजदूरों की कौशल क्षमता बढ़ाने के लिए प्रभावी योजनाएं संचालित की जाएं और उनकी आय में वास्तविक वृद्धि सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के मानदेय में बढ़ोतरी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इसका लाभ केवल सरकारी कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि बढ़ा हुआ मानदेय वास्तविक रूप से उनके बैंक खातों तक पहुंचे।

उन्होंने संविदा एवं ठेकेदारी व्यवस्था के अंतर्गत कार्य कर रहे शिक्षित कर्मचारियों की दयनीय आर्थिक स्थिति पर भी चिंता जताई। कहा कि जिले में बड़ी संख्या में पढ़े-लिखे श्रमिक बेहद कम मानदेय पर काम करने को मजबूर हैं। आठ हजार रुपये प्रतिमाह जैसी कम आय में एक शिक्षित कर्मचारी के लिए अपने परिवार का सम्मानजनक जीवनयापन करना बेहद कठिन है।
उन्होंने सरकार से अपील की कि मजदूरों की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए केवल सरकारी आंकड़ों और कागजी घोषणाओं के बजाय धरातल पर उनके वेतन, मानदेय और जीवन स्तर में वास्तविक सुधार किया जाए, ताकि मेहनतकश मजदूर अपने परिवार का भरण-पोषण सम्मानपूर्वक कर सकें।

बैठक में भारतीय मजदूर संघ के जिला उपाध्यक्ष राजकुमार शर्मा, जिला उपाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारी, जिला मंत्री और मीडिया प्रभारी डीके पाल समेत संगठन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पत्रकार एवं मीडिया प्रतिनिधियों में संजय चतुर्वेदी (अमर प्रभात), सुनील मिश्रा (दैनिक जागरण), प्रताप यादव (अमर उजाला), सतीश सक्सेना (हिन्दुस्तान), आशुतोष शर्मा (अमृत विचार), राहुल पटेल (नया बदायूं) और कुलदीप चौधरी (न्यूज 18) शामिल रहे।
बैठक में भारतीय मजदूर संघ के संकल्प मजदूर एकता, मजदूर सम्मान एवं मजदूरों के अधिकारों की रक्षा को दोहराया गया।

Discussion about this post