नया बदायूं, संवाददाता।
श्याम नगर स्थित आरके रिसॉर्ट में उत्तर प्रदेश प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ की बदायूं कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह भव्यता के साथ आयोजित किया गया। सात अगस्त 2026 को निर्वाचित नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को संघ के केंद्रीय पदाधिकारियों ने संविधान के अनुसार पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में सीएमओ डॉ. विकास शर्मा, जिला चिकित्सालय के कार्यवाहक सीएमएस डॉ. अमित वार्ष्णेय, केंद्रीय कार्यकारिणी अध्यक्ष डॉ. यशवीर सिंह, महासचिव डॉ. शरद वैश्य, उपाध्यक्ष डॉ. जगमोहन तथा वित्त सचिव डॉ. प्रवीण कुमार मुख्य और विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान से हुई।
केंद्रीय अध्यक्ष डॉ. यशवीर सिंह ने शाखा बदायूं के अध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार वर्मा, उपाध्यक्ष डॉ. नवनीत सिंह और डॉ. मोहम्मद तहसीन, महिला उपाध्यक्ष डॉ. श्रद्धा गंगवार, सचिव डॉ. मोहित यादव, वित्त सचिव डॉ. शिव मोहन कमल, संपादक डॉ. अवधेश राठौर तथा केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ. राजवीर गंगवार को शपथ दिलाई। अतिथियों और चिकित्सकों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को माला पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर शुभकामनाएं दीं।
चिकित्सकों के हितों को प्राथमिकता
सचिव डॉ. मोहित यादव ने कहा कि संगठन चिकित्सकों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा। उन्होंने सभी चिकित्सकों को साथ लेकर संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।
अध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार वर्मा ने कहा कि साथी चिकित्सकों के हित और उनकी समस्याओं का समाधान उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि संगठन को सशक्त बनाने के लिए वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते रहेंगे तथा उनकी कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं रहेगा।
कार्यक्रम में केंद्रीय कार्यकारिणी में संयुक्त सचिव बनाई गईं डॉ. रश्मि दीप गंगवार, बरेली से संयुक्त सचिव डॉ. सौरभ सिंह तथा प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ शाखा बरेली के अध्यक्ष डॉ. दिनेश गंगवार और सचिव डॉ. संचित सिंह को विशेष अतिथि के रूप में सम्मानित किया गया।
इस मौके पर जिला चिकित्सालय की मैट्रन रीता सरन, नर्सिंग इंचार्ज उषा पाल, वंदना मौर्य, मंजू, फार्मासिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप चतुर्वेदी, सचिव शिवम रस्तोगी, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सुरेश शाक्य, उपाध्यक्ष गोविंद, सचिव करणेश सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजवीर गंगवार ने किया। अंत में डॉ. राजेश कुमार वर्मा ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।

Discussion about this post