बदायूं, संवाददाता।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लखनऊ के लोक भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के 4.60 लाख छात्र-छात्राओं के खातों में एक क्लिक से छात्रवृत्ति की धनराशि हस्तांतरित की। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में दिखाया गया।
यहां सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता और सीडीओ गामिनी सिंगला ने 200 छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति के स्वीकृति पत्र वितरित किए। जनपद में कुल 3538 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि भेजी गई। इसके अलावा पिछड़ा वर्ग के 10 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री शादी अनुदान योजना के स्वीकृति पत्र दिए गए।
विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “सफलता तेरे कदम चूमेगी, आज नहीं तो कल।” कार्यक्रम के अंत में नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई और राष्ट्रगान हुआ। इस दौरान समाज कल्याण अधिकारी मीनाक्षी वर्मा सहित अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Discussion about this post