बदायूं, संवाददाता।
जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल की छात्रा सानवी सिंह ने दिल्ली-एनसीआर कप 2026 की राज्य स्तरीय परफॉर्मिंग आर्ट्स चैंपियनशिप में सोलो डांस (ट्रेडिशनल) प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया।
दो अक्टूबर को गाजियाबाद के वसुंधरा स्थित एसजी पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, दिल्ली और हरियाणा के विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। 14 से 17 वर्ष आयु वर्ग में सानवी ने पारंपरिक नृत्य की शानदार प्रस्तुति देकर निर्णायकों को प्रभावित किया। उन्हें प्रथम पुरस्कार और मेरिट सर्टिफिकेट प्रदान किया गया।
सानवी सिंह, राकेश कुमार की पुत्री हैं। यह प्रतियोगिता परफॉर्मिंग आर्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया, दिल्ली-एनसीआर परफॉर्मिंग आर्ट्स यूनिट की गाजियाबाद इकाई और डांस स्पोर्ट्स एसोसिएशन भारत के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुई।
विद्यालय प्रबंधन और प्रधानाचार्य ने सानवी की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे उसकी मेहनत, लगन और सांस्कृतिक कला के प्रति समर्पण का परिणाम बताया। उन्होंने सानवी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Discussion about this post