वजीरगंज/सैदपुर, संवाददाता।
नगर के मोहल्ला होली चौक में शुक्रवार रात करीब 8:15 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करीब 40 साल पुराने दो मंजिला मकान का लेंटर अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। लेंटर गिरने की तेज आवाज से आसपास के लोग सहम गए और बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी मौके की ओर दौड़ पड़े। हादसे के समय मकान के निचले हिस्से में परिवार के सदस्य मौजूद थे, जो अचानक गिरे मलबे की चपेट में आकर दब गए।
मोहल्लेवासियों ने तत्परता दिखाते हुए मलबा हटाकर उसके नीचे दबे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। हादसे में हरकिशोर पुत्र भिखारी लाल, प्रवेश कुमारी पत्नी हरकिशोर और शिवानी पुत्री हरकिशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को मलबे से बाहर निकालकर तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और हादसे की जानकारी जुटाई। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए बदायूं रेफर कर दिया गया।
अचानक हुए हादसे के बाद मोहल्ले में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों के अनुसार मकान काफी पुराना था और लंबे समय से उसकी स्थिति को लेकर चिंता बनी हुई थी। लेंटर गिरने के बाद मकान के अन्य हिस्सों की सुरक्षा को लेकर भी आसपास के लोगों में भय बना हुआ है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।

Discussion about this post