नया बदायूं, संवाददाता।
बदायूं में भारत स्काउट एवं गाइड उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में स्काउट भवन प्रशिक्षण केंद्र पर एक महत्वपूर्ण संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में आगामी प्रशिक्षण शिविरों, समाजसेवा गतिविधियों और वर्षभर चलने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई।
कार्यक्रम के दौरान स्काउटिंग-गाइडिंग के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना और राष्ट्रप्रेम विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। प्रतिभागियों ने इस दिशा में नए कार्यक्रमों को शामिल करने और अधिक युवाओं को जोड़ने पर विचार-विमर्श किया। संगोष्ठी की अध्यक्षता कर रहे प्रादेशिक वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं जिला मुख्यायुक्त महेश चंद्र सक्सेना ने कहा कि स्काउटिंग-गाइडिंग एक विश्वव्यापी संगठन है, जो युवाओं के चरित्र निर्माण, सेवा और संस्कारों के विकास की सशक्त पाठशाला है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में शिविरों और सेवा कार्यों के माध्यम से समाजहित में व्यापक कार्य किए जाएंगे।
इस दौरान बरेली मंडल की सहायक प्रादेशिक संगठन कमिश्नर सुश्री प्रीति ने जिला मुख्यायुक्त को संस्था की वार्षिक कार्यक्रम पत्रिका भेंट की। पत्रिका में वर्षभर आयोजित होने वाले प्रशिक्षण, पर्यावरण संरक्षण, आपदा प्रबंधन, जनजागरूकता अभियान और एडवेंचर गतिविधियों का विस्तृत विवरण शामिल है। संगोष्ठी में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष विनोद कुमार सक्सेना, जिला संगठन आयुक्त मुहम्मद असरार, पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा, डीओसी सीमा यादव, नंदराम शाक्य, गाइड कैप्टन ज्योति सक्सेना सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Discussion about this post