नया वजीरगंज, संवाददाता।
नगर पंचायत वजीरगंज के वार्ड नंबर-9 में कराए जा रहे सीसी सड़क निर्माण को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सड़क निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल और मानकों की अनदेखी के आरोप लगाते हुए शिकायतकर्ताओं ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार, वार्ड संख्या-9 में पोशाकी तिवारी के घर से प्रकाश के घर तक बन रही सीसी सड़क के निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय निवासी प्रेमशंकर और हिमांशु ने शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य में मनमानी की जा रही है और निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं किया जा रहा।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि सड़क निर्माण में 10:1 के अनुपात में मसाले में सीमेंट का प्रयोग किया जा रहा है, जो मानकों के अनुरूप नहीं है। इससे सड़क की मजबूती और टिकाऊपन पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उनका आरोप है कि यदि इसी तरह निर्माण कार्य किया गया तो सड़क जल्द ही खराब हो सकती है और सरकारी धन का दुरुपयोग भी होगा।
स्थानीय लोगों ने भी निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर चिंता जताते हुए कहा कि सड़क किसी भी क्षेत्र के विकास की बुनियादी आवश्यकता होती है, लेकिन यदि इसमें गुणवत्ता से समझौता किया गया तो आम जनता को नुकसान उठाना पड़ेगा। उन्होंने निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने और दोषी पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ताओं ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल के माध्यम से निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की जांच, गुणवत्ता की तकनीकी जांच तथा मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित कराने की मांग की है। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।

Discussion about this post