नया बदायूं, संवाददाता।
विश्व हेपेटाइटिस दिवस (28 जुलाई 2026, मंगलवार) के अवसर पर राजकीय मेडिकल कॉलेज में सोमवार को एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान संस्थान द्वारा आगामी दिवस पर आयोजित होने वाले जनजागरूकता एवं स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी साझा की गई।
नोडल अधिकारी, वायरल हेपेटाइटिस ट्रीटमेंट सेंटर डा. नितेश पति तिवारी ने बताया कि 28 जुलाई को मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में आने वाले मरीजों के लिए हेपेटाइटिस-बी और हेपेटाइटिस-सी की निःशुल्क जांच की व्यवस्था की गई है। जांच में संक्रमित पाए जाने वाले मरीजों का पंजीकरण कर उन्हें वायरल हेपेटाइटिस ट्रीटमेंट सेंटर में मुफ्त जांच एवं उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। इस अवसर पर संस्थान में एक वैज्ञानिक संगोष्ठी भी आयोजित होगी, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सक हेपेटाइटिस-बी और सी की रोकथाम, पहचान, उपचार और जागरूकता पर विस्तार से चर्चा करेंगे। जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ओपीडी परिसर में आने वाले मरीजों और तीमारदारों के लिए एमबीबीएस बैच 2023 एवं 2025 के छात्र-छात्राओं द्वारा नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया जाएगा वहीं एमबीबीएस बैच 2022 के छात्र-छात्राएं पोस्टर प्रतियोगिता के माध्यम से हेपेटाइटिस उन्मूलन का संदेश देंगे। मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. (डा.) शिव कुमार ने आमजन से अपील की है कि वे हेपेटाइटिस जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक रहें, समय पर जांच कराएं और उपलब्ध निःशुल्क सेवाओं का लाभ उठाएं। प्रेस वार्ता में मेडिसिन विभाग के नोडल अधिकारी डा. अमित कुमार एवं सीनियर रेजिडेंट डा. अब्दुल रहमान सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे।

Discussion about this post