वजीरगंज, संवाददाता।
सैदपुर पीजी डिग्री कॉलेज के पास नगर पंचायत सैदपुर के एमआरएफ सेंटर पर रविवार सुबह कबाड़ बीनने गए 18 वर्षीय युवक की 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
संभल जिले के लोकेन्द्र सराय निवासी हबीब का 18 वर्षीय पुत्र नदीम प्लास्टिक कचरा और कबाड़ बीनकर परिवार का गुजारा करता था। रविवार सुबह करीब 11:30 बजे वह एमआरएफ सेंटर में कूड़े के ऊंचे ढेर पर चढ़कर कबाड़ बीन रहा था। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
राहगीरों की मदद से नदीम को सीएचसी सैदपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई सलमान ने उसकी पहचान की। घटना के बाद परिजन पुलिस को सूचना दिए बिना शव को पैतृक गांव संभल ले गए।
हादसे के बाद एमआरएफ सेंटर की सुरक्षा व्यवस्था और कूड़े के ऊंचे ढेर के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइन को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

Discussion about this post