बदायूं, संवाददाता।
गौतमबुद्धनगर पुलिस लाइन में आयोजित 74वीं उत्तर प्रदेश पुलिस वॉलीबॉल क्लस्टर महिला-पुरुष वॉलीबॉल एवं सेपकटकरा प्रतियोगिता में बदायूं पुलिस के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले के लिए चार स्वर्ण और एक कांस्य सहित पांच पदक हासिल किए। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से पुलिस विभाग में खुशी का माहौल है।
बेटियों ने जीते चार स्वर्ण पदक
प्रतियोगिता में बरेली जोन की ओर से प्रतिभाग करते हुए बदायूं की महिला आरक्षियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। महिला आरक्षी निकिता शर्मा ने रेगु और क्वाड स्पर्धा में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दोनों में स्वर्ण पदक जीतकर कुल दो गोल्ड मेडल अपने नाम किए।
इसी तरह महिला आरक्षी सूजी बालियान ने क्वाड स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। महिला आरक्षी प्रीती ने भी रेगु स्पर्धा में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। इस तरह महिला खिलाड़ियों ने जिले के खाते में चार स्वर्ण पदक जोड़े।
पुरुष वर्ग में मिला कांस्य पदक
महिला खिलाड़ियों के साथ पुरुष वर्ग में भी बदायूं पुलिस के खिलाड़ी ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। टीम कोच योगेंद्र सिंह के नेतृत्व में आरक्षी अर्चित राणा ने वॉलीबॉल स्पर्धा में दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया।
एसएसपी ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित
प्रतियोगिता में पुलिस खिलाड़ियों की शानदार उपलब्धि पर एसएसपी अंकिता शर्मा ने सभी पदक विजेताओं को पुलिस कार्यालय में सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल पुलिसकर्मियों को शारीरिक रूप से चुस्त-दुरुस्त रखने के साथ अनुशासन और टीम भावना को भी मजबूत करते हैं।
एसएसपी ने सभी खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने के लिए प्रेरित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Discussion about this post