नया बदायूं, संवाददाता।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर बदायूं क्लब में “स्वतंत्रता की आरती सम्भाल कर उतारना” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गीत-संगीत के माध्यम से नगर के कलाकारों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां देकर माहौल को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम में भूतपूर्व सैनिकों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गौरव प्रदान किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय भूतपूर्व सैनिक संगठन के जिला संयोजक मानद कैप्टन मुनीष कुमार पाराशर ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। इस दौरान क्लब के पदाधिकारियों ने सभी भूतपूर्व सैनिकों को तिरंगा पट्टिका पहनाकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में क्लब सदस्य विशाल शर्मा ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया। क्लब के सचिव डॉ. अक्षत अशेष ने देशभक्ति गीतों के साथ अपने पिता डॉ. उर्मिलेश का रचा गीत “स्वतंत्रता की आरती सम्भाल कर उतारना” प्रस्तुत किया। प्रशांत दीक्षित ने “ऐसा देश है मेरा” गीत प्रस्तुत किया, जबकि मंजित खन्ना ने देशभक्ति गीतों का मैशअप पेश कर खूब तालियां बटोरीं।

सपना शर्मा ने “ऐ मेरे वतन के लोगों” गीत के माध्यम से शहीदों की कुर्बानी को याद किया। उज्ज्वल वशिष्ठ, विक्रम कठेरिया, कियारा शर्मा और अजय कुमार सहित अन्य कलाकारों ने भी देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में समां बांध दिया।

इस अवसर पर क्लब सदस्य डॉ. राम बहादुर व्यथित, दीपक सक्सेना, नरेश चन्द्र शंखधार, सुमित मिश्रा, डॉ. संजीव गुप्ता, राहुल चौबे, विष्णु उपाध्याय, सुशील शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन रविन्द्र मोहन सक्सेना ने किया। अंत में क्लब सचिव डॉ. अक्षत अशेष ने सभी अतिथियों, कलाकारों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।

Discussion about this post