नया बदायूं, संवाददाता।
शिखर इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी एंड नर्सिंग, शेखूपुर में मंगलवार, 18 अगस्त 2026 को नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए ओरिएंटेशन प्रोग्राम 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को संस्थान, पाठ्यक्रम, शैक्षणिक गतिविधियों, करियर की संभावनाओं तथा संस्थान के नियमों एवं व्यवस्थाओं से परिचित कराना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद संस्थान के प्रबंधन एवं शिक्षकों का परिचय कराया गया। विद्यार्थियों को डीफार्मा, बी फार्मा एवं नर्सिंग पाठ्यक्रमों की मूलभूत जानकारी के साथ उनके भविष्य और करियर की संभावनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।चरनजीत ने प्रबंधन एवं शिक्षकों का परिचय कराया। वहीं नवनीत ठक्कर ने विभिन्न पाठ्यक्रमों के संबंध में विद्यार्थियों को जानकारी दी। अक्षांशु पटेल ने करियर मार्गदर्शन एवं भविष्य की संभावनाओं से विद्यार्थियों को अवगत कराया।

फार्मेसी विभाग की ओर से प्रोफेसर डॉ. उदय पीएस भास्कर ने फार्मेसी शिक्षा से संबंधित आवश्यक निर्देश एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। नर्सिंग विभाग की ओर से सारिका सिंह ने नर्सिंग पाठ्यक्रम एवं उससे जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। करण थरेजा ने सामान्य अभिरुचि एवं कौशल विकास के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. आरके वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महाविद्यालयीन जीवन केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ज्ञान, अनुशासन, कौशल एवं व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण चरण है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ अपने करियर की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में संस्थान के ट्रस्टी आचार्य राजन मेंदीरत्ता भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार एवं व्यावहारिक कौशल को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर संस्थान के प्रबंधन, शिक्षकगण एवं स्टाफ सदस्य मौजूद रहे। नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया। ओरिएंटेशन प्रोग्राम 2026 ने विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक परिवेश से परिचित कराने के साथ उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में सकारात्मक शुरुआत प्रदान की।


Discussion about this post