बदायूं संवाददाता।
दीपावली के पर्व पर नगर पालिका परिषद की चेयरमैन फात्मा रजा ने पूर्व मंत्री आबिद रजा के साथ नगर पालिका के 343 सामान्य एवं सफाई कर्मचारियों को 23 लाख 46 हजार 548 रुपये का बोनस वितरित किया। बोनस मिलते ही कर्मचारियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कर्मचारियों ने पालिकाध्यक्ष और पूर्व मंत्री का आभार जताया।
उल्लेखनीय है कि पूर्व मंत्री आबिद रजा के आग्रह पर वाल्मीकि जयंती के अवसर पर पालिकाध्यक्ष फात्मा रजा ने कर्मचारियों को दीपावली बोनस देने की घोषणा की थी। इसी क्रम में शुक्रवार को बोनस वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर पालिका की ओर से नियमित कर्मचारियों को 23 लाख 41 हजार 812 रुपये तथा चार दैनिक वेतनभोगी सफाई कर्मचारियों को 4,736 रुपये दिए गए।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री आबिद रजा ने कहा कि उनकी हमेशा कोशिश रही है कि प्रत्येक व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान रहे। नगर पालिका के सभी कर्मचारी उनके परिवार के सदस्य हैं और कर्मचारियों की खुशी में ही उनकी खुशी है। दीपावली और भैयादूज जैसे प्रमुख त्योहारों पर कर्मचारी अपने परिवार के साथ खुशियां मना सकें, इसी उद्देश्य से बोनस वितरित किया गया है।
उन्होंने कहा कि त्योहारों पर सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी है कि शहर स्वच्छ और सुंदर रहे। वहीं अन्य कर्मचारियों को पेयजलापूर्ति और स्ट्रीट लाइट जैसी जरूरी सुविधाएं सुचारू रखने के लिए तत्पर रहना चाहिए।

पालिकाध्यक्ष फात्मा रजा ने कहा कि नगर पालिका के कर्मचारी परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं। शहर के विकास और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बताया कि दीपावली पर बेहतर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए शहर को दो जोन में बांटकर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सभी वार्डों में नियमित सफाई और पेयजलापूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि त्योहार पर किसी भी नागरिक को परेशानी न हो। सफाई निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों के बाजारों में विशेष सफाई व्यवस्था कराने के निर्देश दिए गए।

पालिकाध्यक्ष ने बताया कि ट्यूबवेलों की चेकिंग कराई जा रही है। दीपावली पर किसी मोहल्ले में पानी की समस्या आने या निरीक्षण के दौरान पंप ऑपरेटर के अनुपस्थित मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं सुबह पांच बजे से शाम छह बजे तक स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत का कार्य कराया जाएगा।
कार्यक्रम में सफाई मजदूर संघ एवं स्वायत्त शासन कर्मचारी महासंघ के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने पालिकाध्यक्ष को सम्मानित किया।

इस अवसर पर जलकल अभियंता नितिन सक्सेना, मुख्य सफाई निरीक्षक मोहम्मद तैय्यब, सफाई निरीक्षक केशव गंगवार, अवर अभियंता सूर्यकांत, लेखाकार लवी कुमार, कार्यालय अधीक्षक सूर्य प्रकाश सक्सेना, राजस्व निरीक्षक राजेंद्र, लिपिक नवेद इकबाल, मनोज सोनकर, सफाई मजदूर संघ के नगर अध्यक्ष रमेश डी लाल, नगर सचिव अरुण कुमार, स्वायत्त शासन संघ के अध्यक्ष सचिन सक्सेना, महामंत्री नारायण दत्त शर्मा सहित नगर पालिका के सामान्य एवं सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।

Discussion about this post