नया बदायूं, संवाददाता।
उत्तर प्रदेश शासन एवं DM बदायूं के निर्देशानुसार स्कूली वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मिशन सेफ फ्यूचर 2.0 के तहत परिवहन विभाग ने अभियान चलाया।
मंगलवार को अभियान के दौरान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन/प्रशासन) हरिओम एवं यात्री/मालकर अधिकारी अभिनव चौधरी ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्कूली वाहनों की जांच की। टीम ने कुल 30 स्कूली वाहनों को चेक किया। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन मिलने पर 3 स्कूली वाहनों के चालान किए गए।
42 वाहनों के हुए चालान
वहीं, दो वाहनों को क्षमता से अधिक भार ढोते पाए जाने पर ओवरलोडिंग के अभियोग में सीज कर दिया गया। इसके अलावा सड़क सुरक्षा अभियान के तहत बिना सीट बेल्ट और बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 42 वाहनों के चालान किए गए।
नियमों के पालन की अपील
परिवहन विभाग ने जनसामान्य से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। वाहन को तेज गति से न चलाएं, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें और नशे की हालत में वाहन न चलाएं।
बच्चों की सुरक्षा से समझौता नहीं
अधिकारियों ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूली वाहन संचालकों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। परिवहन विभाग ने सड़क सुरक्षा के लिए आमजन से परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।

Discussion about this post