नया बदायूं, संवाददाता।
निराश्रित एवं बेसहारा गोवंशों के संरक्षण और उनके बेहतर भरण-पोषण के लिए प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं को लगातार धरातल पर उतारा जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा ने गोवंश सहभागिता योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को आर्थिक सहायता राशि के चेक वितरित किए।
कार्यक्रम के दौरान 17 गोवंश पालकों को कुल 1 लाख 8 हजार 390 रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। यह राशि उन लाभार्थियों को दी गई, जिन्हें निराश्रित गोवंशों की सुपुर्दगी दी गई है, ताकि उनके भरण-पोषण में किसी प्रकार की समस्या न हो।
पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा ने कहा कि गोवंशों का संरक्षण और उनकी सुरक्षा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। शासन की सहभागिता योजना का उद्देश्य सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर घूमने वाले निराश्रित गोवंशों को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराना और उनकी समुचित देखभाल सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर मुकेश साहू, मोहित सक्सेना, नवैद, रजनेश, मनोज सक्सेना, राकेश सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Discussion about this post