बदायूं संवाददाता।
महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज 6.0 के तहत शनिवार को थाना बिनावर में अनूठी पहल की गई। शारदीय नवरात्र के अवसर पर कक्षा आठ की छात्रा साक्षी को एक दिन के लिए सांकेतिक थाना प्रभारी नियुक्त किया गया। इस पहल से छात्रा को पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर मिला।
थाना बिनावर क्षेत्र के कस्बा बिनावर निवासी आदित्य कुमार सिंह की पुत्री साक्षी उच्च माध्यमिक विद्यालय, ब्लॉक सालारपुर की कक्षा आठ की छात्रा है। एक दिवसीय सांकेतिक थाना प्रभारी बनने के बाद साक्षी ने थाने के दैनिक कार्यों की जानकारी प्राप्त की और जनशिकायतों की सुनवाई की। साथ ही शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस दौरान छात्रा को पुलिस की कार्यप्रणाली, थाने में दर्ज मामलों की सुनवाई और उनके निस्तारण की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया गया। उसे जनसहभागिता की भूमिका और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की जिम्मेदारियों से भी अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान साक्षी ने थाना परिसर, महिला हेल्प डेस्क, थाना कार्यालय और मिशन शक्ति केंद्र का भ्रमण किया। इसके अलावा थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति की जानकारी लेते हुए महिला सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों को समझा। मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों के बारे में जानकारी देते हुए महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा उपलब्ध सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।
इस अवसर पर मिशन शक्ति प्रभारी उपनिरीक्षक बाबू सिंह सहित थाना बिनावर की मिशन शक्ति टीम मौजूद रही।
बदायूं पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति फेज 6.0 का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना है। इस तरह के कार्यक्रमों से छात्राओं को पुलिस की कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अनुभव मिलता है और उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता तथा सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। महिलाओं की सुरक्षा और समाज में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस निरंतर प्रयासरत है।

Discussion about this post