बदायूं, संवाददाता।
रोहिलखंड के प्रसिद्ध मेला ककोड़ा (मिनी कुंभ) का शुभारंभ 17 नवंबर से होने जा रहा है। मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने और आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिसकर्मियों को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

इसी क्रम में सोमवार को पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी उझानी राहुल पांडेय ने मेला परिसर पहुंचकर ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ब्रीफ किया। अधिकारियों ने सभी पुलिसकर्मियों को उनकी निर्धारित ड्यूटी और जिम्मेदारियों के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ब्रीफिंग के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि सभी पुलिसकर्मी अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर समय से पहुंचें और पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के साथ शालीनता और सहयोगात्मक व्यवहार रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।
अधिकारियों ने गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। स्नान के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखने और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया। इसके साथ ही मेले में वाहनों के सुगम आवागमन और यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मेले के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या आपात स्थिति उत्पन्न होने पर पुलिसकर्मी तत्काल कार्रवाई करें और आपसी समन्वय बनाए रखते हुए स्थिति को नियंत्रित करें। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी पुलिसकर्मियों को पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने को कहा गया।
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य मेला ककोड़ा में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है।

Discussion about this post