बदायूं, संवाददाता।
बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के मद्देनजर मतदेय स्थलों के प्रस्ताव को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता उप जिला निर्वाचन अधिकारी महेन्द्र श्रीवास्तव ने की।
बैठक में भाजपा, आम आदमी पार्टी, समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। निर्वाचन विभाग ने प्रस्तावित मतदेय स्थलों की सूची प्रतिनिधियों के सामने रखी और उनके सुझाव एवं सहमति प्राप्त की।
निर्वाचन विभाग के अनुसार जनपद में मतदेय स्थल संख्या 26 से 35 तक कुल 10 मतदेय स्थल प्रस्तावित किए गए हैं। इनमें बिसौली, आसफपुर, वजीरगंज, सहसवान, बिल्सी, इस्लामनगर, बदायूं, उझानी, म्याऊं और दातागंज के संबंधित क्षेत्र पंचायत, नगर पालिका एवं नगर पंचायत क्षेत्र शामिल हैं।
अधिकारियों ने बताया कि मतदाताओं की सुविधा और निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु, निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाए रखने के लिए निर्धारित मानकों के अनुसार मतदेय स्थलों के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। प्रस्तावों को आयोग के अनुमोदन के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
बैठक में भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष अनूप शर्मा, आप के जिला उपाध्यक्ष दिनेश सिंह राठौर, सपा के शेखूपुर विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष अशोक यादव, कांग्रेस प्रतिनिधि आशीष यादव, बसपा जिलाध्यक्ष जयपाल सिंह, मंडल प्रभारी आरपी त्यागी एडवोकेट तथा प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार वर्मा मौजूद रहे।

Discussion about this post