नया बदायूं, संवाददाता।
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार को जिलाधिकारी कार्यालय स्थित शहीद स्मारक वाटिका में श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अरुण कुमार उपस्थित रहे। समारोह का संचालन जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल संदीप सिंह ने किया।
कार्यक्रम के दौरान कारगिल युद्ध में शहीद हुए पेराशूट रेजिमेंट के हवलदार हरिओम सिंह को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर उनकी वीरता और बलिदान को याद करते हुए उपस्थित अधिकारियों व पूर्व सैनिकों ने उन्हें नमन किया। साथ ही शहीद की पत्नी गुड्डो देवी को शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि कारगिल युद्ध भारत के इतिहास की एक महत्वपूर्ण विजय है, जिसमें तीनों सेनाओं ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए दुश्मनों को परास्त किया। उन्होंने कहा कि देश के लिए बलिदान देने वाले वीर जवानों और उनके परिवारों का सम्मान करना हम सभी का कर्तव्य है।
समारोह में खंड विकास अधिकारी प्रवीण कुमार ने पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। उपाध्यक्ष सतीश चंद्र सिंह ने कारगिल युद्ध के शहीदों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। सूबेदार मुनेश सिंह ने ‘नमन सेवा’ के तहत पूर्व सैनिकों को पेंशन से संबंधित ऑनलाइन सुविधाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर अन्य पूर्व सैनिकों और गणमान्य लोगों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए सैनिकों की बहादुरी और देशभक्ति को सराहा। कार्यक्रम में लगभग 100 पूर्व सैनिक और उनके आश्रित उपस्थित रहे।

Discussion about this post