नया बदायूं, संवाददाता।
मढ़ई चौक स्थित चाहमीर मोहल्ले में लिंगेश्वर नाथ महादेव एवं दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में एकादशी के अवसर पर विशेष धार्मिक आयोजन किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर दूधिया रोशनी और रंग-बिरंगी सजावट से जगमगा उठा। आकर्षक सजावट ने मंदिर में पहुंचे श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
शाम को मंदिर के पुजारी धनीराम मिश्रा ने विधि-विधान से पूजन और संध्या आरती कराई। इसके बाद भगवान लड्डू गोपाल एवं श्रीकृष्ण को मेवा और मिष्ठान का भोग अर्पित किया गया। पूजन-आरती के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
इस दौरान मंदिर परिसर “लड्डू गोपाल की जय”, “श्री राधे-कृष्ण”, “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” और “हर-हर महादेव” के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
एकादशी के अवसर पर भगवान भोलेनाथ का भव्य श्रृंगार किया गया। इसके साथ ही लड्डू गोपाल, हनुमान जी, भोलेनाथ, माता पार्वती, भगवान गणेश, श्रीकृष्ण और भगवान श्रीराम का नवीन वस्त्र एवं आभूषणों से आकर्षक श्रृंगार किया गया।
भगवान भोलेनाथ का श्रृंगार गुरमेल सिंह और कृष्ण रस्तोगी ने किया। मंदिर परिसर की फूलों एवं गुब्बारों से भव्य सजावट योग्यता रस्तोगी एवं हरि फ्लावर्स की ओर से की गई। वहीं प्रसाद की व्यवस्था पवन रस्तोगी, वंश रस्तोगी, तुषार रस्तोगी, रितेश रस्तोगी एवं समस्त रस्तोगी परिवार की ओर से की गई।
धार्मिक आयोजन में राजकुमार सिंह सेंगर, गोपाल पांडे, अनिल वर्मा, रजनीश रस्तोगी, प्रियांशु मिश्रा, गोपाल प्रजापति, रवि रस्तोगी और संजय रस्तोगी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Discussion about this post