नया बदायूं, संवाददाता।
बदायूं शहर के नेकपुर स्थित नगरीय स्वास्थ्य केंद्र पर हुए हंगामे के मामले में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच की। घटना के बाद स्वास्थ्य कर्मियों में नाराजगी और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। स्टाफ ने स्वास्थ्य केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है। इसको लेकर विभागीय अधिकारी पुलिस विभाग के अधिकारियों से मिले। फिलहाल आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर है और स्टाफ को अपनी सुरक्षा का डर है।
बदायूं शहर के नेकपुर स्वास्थ्य केंद्र नेकपुर पर रविवार को एक व्यक्ति ने स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचकर हंगामा करने और स्टाफ के साथ अभद्रता करने का मामला सामने आया था। व्यक्ति ने स्वास्थ्य कर्मियों के साथ गाली-गलौज की और माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से आरोपी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई थी। मंगलवार को पुलिस टीम स्वास्थ्य केंद्र पहुंची और मौके का निरीक्षण कर कर्मचारियों व अन्य प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाई। पुलिस अधिकारियों ने घटना के संबंध में स्टाफ के बयान भी दर्ज किए। वहीं, डिप्टी सीएमओ डॉ. तहसीन, डीपीएम अरविंद राना और अर्बन के नोडल अधिकारी उमेश ने भी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर डॉक्टरों व कर्मचारियों से बातचीत की। पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। स्वास्थ्य कर्मियों ने अधिकारियों को बताया कि स्वास्थ्य केंद्र पर अब उनको भय और तनाव में काम करना पड़ता है। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीरता से कदम उठाए जाएंगे। विभागीय अधिकारियों ने इस संबंध में पुलिस विभाग के अधिकारियों से भी वार्ता की और स्वास्थ्य केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने पर चर्चा की। अधिकारियों का कहना है कि मरीजों और तीमारदारों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है, लेकिन इसके लिए स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा होना भी आवश्यक है। आरोपी पहले भी कई अपराध कर चुका है और घटनाओं को अंजाम दे चुका है जिसकी वजह से कर्मचारी डरे हुए हैं और अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

Discussion about this post