नया बदायूं, संवाददाता।
बदायूं जनपद के इतिहास में 13 अप्रैल का दिन ऐताहिसक और खास रहा। क्योंकि देश की आजादी के दौरान अंग्रेजी हुकुमत ने जिस तरह बदायूं को छोड़ा था उसी कनेक्टविटी के बीच बदायूं 12 अप्रैल 2026 तक रहा। देश की राजधानी तक जाने के लिए जनता को ट्रेन सुविधा तक नहीं थी, इस ट्रेन सुविधा के लिए वर्षों से मांग चली आ रही थी कांग्रेस-सपा और भाजपा के जनप्रतिनिधि सड़क से संसद तक मांग करते रहे लेकिन केंद्र की सरकार के मंत्री बीएल वर्मा ने प्रयास किया तो बदायूं की जनता को बदायूं से दिल्ली के लिए ट्रेन की सौगात मिल गई। केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा सहित जनप्रतिनिधियों ने इंटरसिटी ट्रेन को हरी झंडी दिखाई और जनता को समर्पित कर दी।

सोमवार को पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतजनगर बरेली मंडल बरेली पर केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने बरेली जंक्शन-नई दिल्ली-बरेली जंक्शन इंटरसिटी एक्सप्रेस गाड़ी 14315/14316 का संचलन विस्तार बदायूं एवं कासगंज तक होने के उपलक्ष्य में उद्घाटन किया। केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने विशेष गाड़ी 05303 का शुभारंभ बदायूं रेलवे स्टेशन पर हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बदायूं रेलवे स्टेशन पर आयोजित भव्य समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि कासगंज, उझानी एवं बदायूं क्षेत्रवासियों को दिल्ली जाने के लिए इंटरसिटी एक्सप्रेस गाड़ी की सौगात मिली है। यहां की बहुप्रतिक्षित मांग को रेलवे प्रशासन द्वारा आज पूरा कर दिया गया। जो यहां के क्षेत्रीय लोगों के विकास के लिए एक नई सौगात मिली है।

युवा-व्यापारी, मरीजों को सीधी कनेक्टविटी
केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि इस इंटरसिटी गाड़ी के संचालन विस्तार बदायूं एवं कासगंज तक होने से यहां के स्थानीय जनता, स्कूली बच्चों एवं व्यापारियों को बरेली, मुरादाबाद, गजियाबाद एवं दिल्ली आवागमन करने को सुगम, सुरक्षित एवं सुविधाजनक रेल यात्रा की सुविधा उपलब्ध हो गई है। आगे उन्होंने कहा कि अब स्कूली बच्चें दूसरे जनपदों एवं राजधानी में जाकर शिक्षा ग्रहण करेंगे। यहां की सम्मानित जनता अपना अन्य महत्वपूर्ण दैनिक कामों को भी दिल्ली से सीधी ट्रेन सेवा उपलब्ध हो जाने से समय बचत के साथ कम खर्चों में राजधानी में जाकर अपने कार्यों का निपटारा कर लेंगे।

स्टेशन का हो रहा सौंदर्यीकरण
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि रेलवे प्रशासन द्वारा अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत रेलवे स्टेशनों के सौन्दर्यीकरण एवं रेल यात्रियों के मूलभूत मौलिक सुख-सुविधाओं को अत्याधुनिक विकसित करने के साथ-साथ स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जो सराहनीय कार्य है।

मील का पत्थर साबित होगी ट्रेन
सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, विधान परिषद सदस्य वागीश पाठक एवं अन्य जनप्रतिनिधिगणों ने इस इंटरसिटी गाड़ी का विस्तार बदायूं एवं कासगंज तक करने पर रेलवे प्रशासन को धन्यवाद देने के साथ ही स्थानीय जनता को संबोधित करते हुए कहा कि इस गाड़ी के संचलन से यहां की जनता बहुत ही लाभान्वित होगी। यहां के क्षेत्रवासियों के विकास के लिए यह गाड़ी मील का पत्थर साबित होगी। आयोजित समारोह में अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं स्थानीय जनता भारी संख्या में उपस्थित थे।
इस रूर्ट का मिलेगा लाभ
अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार ने कहा कि इस रेलखण्ड पर इस गाड़ी के मार्ग विस्तार होने से कासगंज, बदायूं एवं उझानी के यात्रियों को लंबी दूरी की महत्वपूर्ण शहरों को सीधे रेल की सुविधा मिल सकेगी। कासगंज व बदायूं की कनेक्टिविटी सीधे बरेली, रामपुर, मुरादाबाद, गाजियाबाद होते हुए देश की राजधानी नई दिल्ली से कनेक्ट हो जाएगा। इस गाड़ी के विस्तार हो जाने से यहां के क्षेत्रीय जनता को व्यापार, इलाज एवं नौकरी पेशा आदि करने के लिए तथा बच्चों को भी अपनी उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए बरेली, मुरादाबाद, गाजियाबाद एवं दिल्ली आदि शहरों से सीधी कनेक्टिविटी मिल जायेगी।
बदायूं में उद्योग-व्यापार को मिलेगा बढ़ावा
बरेली से होकर बदायूं होते हुए दिल्ली के लिए इंटरसिटी ट्रेन सेवा संचालित होने जा रही है। रेलवे विभाग के अनुसार, यह इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन कासगंज से प्रारंभ होकर बदायूं और बरेली होते हुए सीधे दिल्ली तक जाएगी। यह सेवा न केवल दैनिक यात्रियों के लिए उपयोगी होगी, बल्कि व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भी दिल्ली जाने वाले लोगों को काफी सहूलियत प्रदान करेगी।
20 नवंबर 2025 को भेजा था प्रयास
बरेली-बदायूं-कासगंज होते हुए दिल्ली के लिए सीधे ट्रेन सेवा को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की ओर से 24 मार्च को जारी आधिकारिक पत्र में इस सेवा को मंजूरी दी गई थी। यह स्वीकृति केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा के 20 नवंबर 2025 को भेजे गए प्रस्ताव के संदर्भ में दी गई है। रेल मंत्रालय के इस निर्णय को क्षेत्र के समग्र विकास और जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
सीधे ट्रेन देने में उझानी की जनता का ख्याल
बरेली-नई दिल्ली एक्सप्रेस का जहां बदायूं की जनता को लाभ मिलेगा, वहीं केंद्रीय राज्यमंत्री ने उझानी की जनता का ख्याल रखते हुये यहां पर ट्रेन का स्टॉप ले लिया है। प्रतिदिन संचालित होने वाली ट्रेन उझानी रेलवे स्टेशन से यात्रियों को लेकर एवं उतारकर जायेगी। इसके साथ ही कासगंज के बीच सोरों पर भी केंद्रीय राज्यमंत्री ने स्टॉप दिलाने का काम किया है।
समय सारिणी
कासगंज से दिल्ली (अप दिशा) : कासगंज से प्रस्थान : सुबह 2:50 बजे
बदायूं आगमन : सुबह 3:45 बजे (5 मिनट ठहराव)
बदायूं से प्रस्थान : सुबह 3:50 बजे रामगंगा ब्रिज: सुबह 4:35 बजे
बरेली जंक्शन आगमन : सुबह 4:45 बजे
बरेली से प्रस्थान : सुबह 4:55 बजे
दिल्ली आगमन : सुबह 10:20 बजे
दिल्ली से कासगंज (डाउन दिशा) : दिल्ली से प्रस्थान : शाम 4:35 बजे
बरेली आगमन : रात 9:50 बजे
बरेली से प्रस्थान : रात 10:00 बजे
बदायूं आगमन : रात 10:40 बजे (5 मिनट ठहराव)
बदायूं से प्रस्थान : रात 10:45 बजे कासगंज आगमन : रात 12:10 बजे

Discussion about this post