बदायूं, संवाददाता।
मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने बुधवार को जनपद में विभिन्न स्वास्थ्य, शिक्षा एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से परियोजनाओं की प्रगति और व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा मौके पर पाई गई कमियों को तत्काल दूर कराने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने सबसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उझानी का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, उझानी नगर का निरीक्षण किया। विद्यालय में छात्राओं के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं एवं भवन की स्थिति का जायजा लेते हुए आवश्यक सुधार कराने के निर्देश दिए। इसके बाद सीडीओ ने विकासखंड उझानी के ग्राम बरसुआ में निर्माणाधीन मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति को मौके पर देखा और संबंधित अधिकारियों से कार्य की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा जो भी कमियां निरीक्षण के दौरान सामने आईं, उन्हें निर्धारित मानकों के अनुसार दूर कराने के निर्देश दिए। सीडीओ ने राजकीय मेडिकल कॉलेज में निर्माणाधीन 100 शैय्या वाले क्रिटिकल केयर यूनिट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और मौके पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने मेडिकल कॉलेज परिसर में निर्माणाधीन नर्सिंग कॉलेज के कार्य का भी स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप कराए जाएं। कार्यों में सामने आने वाली कमियों को तत्काल दूर कराते हुए निर्माण की प्रगति पर लगातार निगरानी रखी जाए। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने पर भी जोर दिया। सीडीओ ने कहा कि शासन की योजनाओं के तहत कराए जा रहे निर्माण कार्यों का उद्देश्य आमजन को बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसलिए निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाए। संबंधित अधिकारियों को निरीक्षण के दौरान मिली कमियों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

Discussion about this post