नया बदायूं,संवाददाता।
आगामी आषाढ़ अमावस्या गंगा स्नान पर्व एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से मण्डलायुक्त बरेली भूपेन्द्र एस चौधरी एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक बरेली परिक्षेत्र अजय साहनी ने कछला गंगा घाट एवं कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई। जिसमें असाढ अमावस्या और सावन महीने में कावड़ यात्रा को लेकर बिंदुवार चर्चा की गई और अफसरों को जिम्मेदारी सौंप गई।
सोमवार अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान गंगा घाटों, पार्किंग स्थलों, रूट डायवर्जन, कंट्रोल रूम, यातायात प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधाएं, भीड़ प्रबंधन एवं कानून-व्यवस्था से जुड़ी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। गंगा घाट पर एक-एक बिंदु को लेकर चर्चा की गई और संबंधित अधिकारी और विभाग अध्यक्ष को जिम्मेदारी सौंप गई कि वह जिम्मेदारी निभाते हुए कामकाज को पूरा करें और व्यवस्थाएं ऐसी करें किसी भी श्रद्धालु को कोई दिक्कत ना हो।
पर्याप्त मात्रा में लगाया जाए पुलिस बल
मण्डलायुक्त एवं डीआईजी ने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की पर्याप्त ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए।
डायवर्जन के साथ पार्किंग व्यवस्था रहेगी
वाहनों की पार्किंग व्यवस्था, रूट डायवर्जन एवं यातायात संचालन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों का आवागमन सुरक्षित एवं सुगम बना रहे। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
सीसीटीवी और ड्रोन कैमरे से होगी निगरानी
सुरक्षा को और सुदृढ़ करने के लिए सीसीटीवी एवं ड्रोन कैमरों से निगरानी रखने, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने तथा अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। ध्वनि विस्तारक यंत्र एवं डीजे का प्रयोग शासन के निर्धारित मानकों के अनुरूप ही करने के निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर जिलाधिकारी अवनीश राय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा व एडीएम प्रशासन अरुण कुमार सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Discussion about this post