नया बदायूं, संवाददाता।
पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से इनर व्हील क्लब बदायूं द्वारा केदारनाथ स्कूल में ‘नो प्लास्टिक अभियान’ के अंतर्गत स्लोगन एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और आकर्षक पोस्टरों व प्रेरणादायक स्लोगनों के माध्यम से प्लास्टिक मुक्त समाज का संदेश दिया।
प्रतियोगिता में प्रतिभागी छात्राओं ने सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्परिणामों को दर्शाते हुए रचनात्मक प्रस्तुति दी। निर्णायकों द्वारा मूल्यांकन के बाद राशी मौर्य ने प्रथम, माही पटेल ने द्वितीय तथा दामिनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता छात्राओं को सम्मानित कर उनके प्रयासों की सराहना की गई।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को प्लास्टिक के उपयोग को कम करने, स्वच्छता अपनाने तथा हरित पर्यावरण के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर पीडीसी साधना रस्तोगी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए प्लास्टिक के दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला और सभी को इसके उपयोग से बचने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में क्लब की अध्यक्ष रागिनी रस्तोगी, सचिव पूजा रस्तोगी, कोषाध्यक्ष लवी रस्तोगी, संपादक श्वेता रस्तोगी, आईएसओ ऋचा रस्तोगी सहित क्लब की सदस्य कुसुम, अंजना, संगम वैश्य, सुरभि संगम रस्तोगी, सरोज, अंजलि आदि उपस्थित रहीं।

Discussion about this post