नया बदायूं, संवाददाता।
बदायूं विधानसभा के विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने शहर बदायूं की मुस्लिम बस्ती वार्ड संख्या 16 में अपनी विधायक निधि से अब्दुल्ला शाह मज़ार से इकराम चक्की वालों के घर तक नव-निर्मित सड़क का लोकार्पण किया। इस अवसर पर क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। लोगों ने विधायक का जोरदार स्वागत भी किया है।
शहर में लोकार्पण के दौरान विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र के प्रत्येक वर्ग और हर मोहल्ले का समान रूप से विकास करना है। उन्होंने बताया कि यह सड़क लंबे समय से खराब स्थिति में थी, जिसके कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते हुए इस सड़क का निर्माण कराया गया है, जिससे अब क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि इस सड़क के निर्माण से बच्चों, बुजुर्गों एवं व्यापारियों को विशेष रूप से राहत मिलेगी और क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा। इस अवसर पर सभासद पति कमाल उद्दीन उर्फ राजा, अमित महाजन, राजेंद्र मथुरिया, फ़िरसत हुसैन, वसीम अख्तर, मुन्ना, निहाल सहित सहित मौजूद रहे।
हर वर्ग का किया जायेगा विकास
विधायक ने स्पष्ट कहा कि शहर के विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। सड़कों, नालियों एवं स्ट्रीट लाइट से जुड़े कई प्रस्ताव स्वीकृत हो चुके हैं और शेष कार्यों को भी जल्द पूरा कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी विधानसभा को अपनी मां का दर्जा दिया है और उनके लिए सभी नागरिक, चाहे किसी भी धर्म या वर्ग के हों, समान हैं। विकास कार्यों में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाएगा और सभी समुदायों को समान सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्रतिबद्धता है।

Discussion about this post