नया बदायूं, संवाददाता।
मेंथा कारोबारी भाइयों की टैंक में जहरीली गैस से मौत की खबर मिलने पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव कांग्रेसजनों के साथ बिसौली तहसील के सुरैनी पापड़ी गांव पहुंचे और मृतकों के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने एसडीएम बिसौली से फोन पर वार्ता कर मृतकों के परिजनों को पारिवारिक आर्थिक सहायता देने को कहा। उन्होंने एसडीएम से तत्काल मृतक आश्रितों से मिलकर कृषक दुर्घटना बीमा , पारिवारिक लाभ योजना और विधवा पेंशन देने के अतिरिक्त मुख्यमंत्री राहत कोष से तत्काल सहायता दिलवाने की मांग की।
शुक्रवार को मेंथा कारोबारी बट्टू सिंह के दो बेटों जयवीर यादव एवं राजेश यादव की मौत मेंथा टंकी की सफाई के दौरान हो गई।इस दौरान बेहोश हुए उनके तीसरे बेटे मनवीर यादव का इलाज मुरादाबाद के निजी अस्पताल में चल रहा है। इतनी दुखद त्रासद घटना से दुखी कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष सुशीला कोरी, जिला उपाध्यक्ष बफ़ाती मियां, जिला सचिव राजीव पटेल, सुरेंद्र सिंह समेत अन्य कांग्रेस जनों के साथ शनिवार को दोपहर बिसौली तहसील के सुरैनी पापड़ी गांव पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त करने मृतकों के आवास पर गए। उन्होंने मृतकों के पिता बट्टू सिंह एवं अन्य परिजनों का दुःख साझा किया । उन्हें ढांढ़स बंधाया। कांग्रेसियों ने मृतक जयवीर के दो छोटे बच्चों छह साल के रचित और चार साल के समर्थ से बात की। मृतक जयवीर , राजेश और अस्पताल में जिंदगी मौत से जूझ रहे मनवीर की शादियां हो चुकी हैं। घटना से पूरा क्षेत्र मर्माहत है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इस दुःख की घड़ी में कांग्रेस पीड़ितों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि आगे इस तरह की घटनाएं न हों इसके लिए सरकार और प्रशासन को मेंथा कारोबारियों का अभियान चलाकर प्रशिक्षण कराना चाहिए। उन्होंने इतनी बड़ी त्रासद घटना पर सरकार और प्रशासन की ओर से अब तक कोई सहायता घोषित न किए जाने को संवेदनहीनता करार दिया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने पीड़ितों से सत्ताधारी पार्टी भाजपा के किसी पदाधिकारी द्वारा मिलकर शोक संवेदना व्यक्त न करने पर कहा कि भाजपा पीड़ितों के साथ खड़ी नहीं दिखाई देती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पीड़ितों को सहायता दिलवाने को संघर्ष करेगी।

Discussion about this post