नया बदायूं, संवाददाता।
बदायूं जनपद में प्रेम प्रसंग के चलते तीन बच्चों की मां ने अपने ही घर के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला के शव को पति और परिजन उसे फंदे से उतारकर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद अस्पताल से पुलिस को सूचना दी गई, मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी। मां की मौत से तीनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। महिला की आत्महत्या चर्चा का विषय बनी हुई है।
बदायूं शहर के मीराजी चौकी का मामला
बदायूं जिला मुख्यालय पर मामला सदर कोतवाली के मीराजी पुलिस चौकी क्षेत्र का है। यहां रहने वाले महेश की 30 वर्षीय पत्नी रजनी ने अपने ही घर के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आंख खुलने पर महेश ने रजनी को फंदे से लटका देखा, जिसके बाद वह परिजनों की मदद से उसे फंदे से उतारकर जिला अस्पताल ले गया। वहां डॉक्टरों ने रजनी को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद जिला अस्पताल से सदर कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
पति बोले चल रहा था प्रेम प्रसंग, इसलिए कलेश था
जिला अस्पताल पहुंचे रजनी के पति महेश ने बताया कि उसकी पत्नी का दो युवकों से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसको लेकर आए दिन घर में क्लेश होता था। एक युवक उसके मोहल्ले का रहने वाला था, जबकि दूसरा रजनी के गांव का था। काफी विवाद के बाद रजनी ने गांव के युवक से बातचीत बंद कर दी, लेकिन मोहल्ले के युवक से लगातार संपर्क में रही। इसी बात को लेकर महेश ने एक बार उसके साथ मारपीट कर उसे मायके चंदौसी भेज दिया था, हालांकि बच्चों के खातिर बाद में उसे वापस घर ले आया। महेश के अनुसार, इसके बावजूद रजनी नहीं मानी और बीती रात प्रेमी से मिलने को लेकर हुए विवाद के बाद उसने किसी समय फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। रजनी की मौत के बाद महेश और तीनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Discussion about this post