नया बदायूं। राज्य ब्यूरो
उत्तर प्रदेश के जनपद लखीमपुर में भीषण सड़क हादसा हुआ है। पीलीभीत-बस्ती राष्ट्रीय राजमार्ग 730 पर सोमवार सुबह सिसैया के पास एक तेज रफ्तार ट्रक और सवारियों से भरी टाटा मैजिक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि मैजिक के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हादसा के बाद चीत्कार मची हुई है। मृतकों के परिजनों का रो-रोककर बुरा हाल बना हुआ है।
जनपद लखीमपुर में सोमवार की सुबह काल बनकर आई। लखीमपुर जनपद से जानकारी के अनुसार टाटा मैजिक में 12 सवारियां थीं, जो लखीमपुर से ईसानगर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर अफरा-तफरी फैल गई। स्थानीय लोगों की मदद से मैजिक में फंसे घायलों और शवों को बाहर निकाला गया। सभी को सीएचसी खमरिया भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने 9 लोगों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। हादसे के बाद कुछ देर तक मार्ग पर लंबा जाम लगा रहा।
पुलिस अधिकारियों की सुनिए:::
लखीमपुर जनपद की एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया कि हादसे में नौ लोगों की मौत हुई है, जबकि चार घायल हैं। सभी घायलों का उपचार कराया जा रहा है। पुलिस मृतकों की पहचान कराने और हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।

Discussion about this post