नया बदायूं, संवाददाता।
सदर विधानसभा से सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता द्वारा लोक निर्माण विभाग के तहत घोसपुर से ब्यौर तक बनने वाली सड़क के नव निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही। जनता में खुशी देखने को मिली है कि वर्षों पुरानी समस्या दूर होने जा रही है और विकास कार्यों से सीधा लाभ मिल रहा है।
मंगलवार को घौसपुर में शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण उनकी प्राथमिकता में है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान कराना उनका दायित्व है और इसी क्रम में इस महत्वपूर्ण मार्ग का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ एवं निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाए, ताकि जनता को शीघ्र लाभ मिल सके। इस अवसर पर उपस्थित स्थानीय नागरिकों ने वर्षों से लंबित इस मांग को पूरा करने के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया और इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष रामचरण पाल, ब्लॉक प्रमुख पति अनेकपाल पटेल, पूर्व जिलाध्यक्ष पंचायत सदस्य संदीप, पूर्व मंडल अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह, हरवंश पाल, शीतशु सिंह, पंकज गुप्ता, आदेश शर्मा, सतेंद्र मौर्य, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्र के सम्मानित नागरिक उपस्थित।
1.11 करोड़ से बनेगी सड़क
घोसपुर से ब्यौर तक की यह सड़क लंबे समय से क्षेत्रवासियों की प्रमुख मांग रही है। मार्ग की खराब स्थिति के कारण लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, विशेषकर बरसात के मौसम में स्थिति और भी विकट हो जाती थी। छात्र-छात्राओं, किसानों एवं दैनिक यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती थी। अब इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। इस सड़क की कुल लंबाई लगभग 1.5 किलोमीटर है तथा इसके निर्माण पर लगभग 1 करोड़ 11 लाख रुपये की लागत आएगी। सड़क निर्माण पूर्ण होने के बाद आवागमन सुगम होगा, साथ ही आसपास के गांवों का संपर्क भी बेहतर होगा, जिससे क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को गति मिलेगी।

Discussion about this post