बदायूं संवाददाता।
पशुपालन विभाग ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों, पशुपालकों और महिलाओं को बकरी पालन अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है। डॉ. वार्ष्णेय ने बताया कि बकरी पालन कम पूंजी और सीमित संसाधनों में शुरू होने वाला ऐसा व्यवसाय है, जो ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने और स्वरोजगार उपलब्ध कराने में प्रभावी साबित हो सकता है। बकरी को गरीब की गाय भी कहा जाता है।

उन्होंने बताया कि बकरी के दूध, मांस और बच्चों की बिक्री से नियमित आय प्राप्त की जा सकती है। उचित नस्ल, संतुलित आहार, स्वच्छ आवास, समय पर टीकाकरण और वैज्ञानिक प्रबंधन से इस व्यवसाय को लाभकारी बनाया जा सकता है। यह छोटे एवं सीमांत किसानों, भूमिहीन परिवारों और महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण का बेहतर माध्यम है।
पशुपालन विभाग की योजना के तहत 90 प्रतिशत अनुदान पर पांच बकरी और एक बकरा खरीदने के लिए 54 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। इसमें लाभार्थी को केवल छह हजार रुपये खर्च करने होंगे। वहीं, बकरियों की आकस्मिक मृत्यु से होने वाले नुकसान को देखते हुए 85 प्रतिशत अनुदान पर पशुधन बीमा योजना भी संचालित है।

बड़े पशुपालकों के लिए राष्ट्रीय पशुधन मिशन के अंतर्गत 50 प्रतिशत अनुदान पर 20 लाख से एक करोड़ रुपये तक की परियोजना का प्रावधान है। इसके तहत 100 से 500 बकरियों तक की क्षमता वाले फार्म स्थापित किए जा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि बकरी पालन ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारी और छिपी हुई बेरोजगारी दूर करने के साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा जैविक खेती को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

Discussion about this post