बदायूं, संवाददाता।
शहर के टीटी कॉन्वेंट हाईस्कूल में गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधक नरेश चंद्र जैन ने हरी झंडी दिखाकर प्रभात फेरी को रवाना करके किया। प्रभात फेरी में शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इसके बाद विद्यालय परिसर में महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए और परिसर में आकर्षक रंगोली भी बनाई। विद्यालय की प्रबंधिका ने विद्यार्थियों को महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन एवं आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। प्रधानाचार्य जयंती पाठक ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए यह कर्मयोग का समय है और वर्तमान में उनका सबसे महत्वपूर्ण कर्म शिक्षा ग्रहण करना है। शिक्षा ही वह माध्यम है, जिससे व्यक्ति अपने जीवन को बेहतर और महान बना सकता है। कार्यक्रम में वर्षा चौहान, मुकेश शर्मा, रमेश सक्सेना, ज्ञान प्रकाश सक्सेना और रागिनी सक्सेना सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Discussion about this post