नया बदायूं, संवाददाता।
बदायूं शहर के डी पॉल स्कूल में कक्षा नर्सरी के छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों के लिए फ्रेशर्स डे का आयोजन बड़े ही उत्साह और धूमधाम के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रवेश द्वार पर बैंड की मधुर धुनों के साथ हुई, जहां नन्हें-मुन्ने विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों का स्वागत विद्यालय निदेशक फादर जोशी पॉल, प्रधानाचार्य फादर अजिन पॉल तथा प्रबंधक फादर अनीश जॉर्ज द्वारा किया गया।

इसके पश्चात विद्यालय परिसर में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। शिक्षिकाओं द्वारा सरस्वती वंदना एवं प्रार्थना गीत की मनमोहक प्रस्तुति के बाद कक्षा प्रथम के विद्यार्थियों ने विभिन्न गीतों के मिक्स मेडले पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रबंधक फादर अनीश जॉर्ज एवं प्राइमरी इंचार्ज सिस्टर एग्नेस द्वारा नर्सरी के छात्रों को वेलकम बैज प्रदान किए गए तथा बच्चों को मंच पर आमंत्रित कर विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
विद्यालय के निदेशक फादर जोशी पॉल ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि गर्मी की छुट्टियों के बाद छोटे बच्चों में विद्यालय आने के प्रति उत्साह बनाए रखने के उद्देश्य से इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने बच्चों के समग्र विकास में अभिभावकों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में शिक्षिकाओं द्वारा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए जुम्बा डांस भी प्रस्तुत किया गया। साथ ही अभिभावकों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनके विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
प्रधानाचार्य फादर अजिन पॉल ने अपने संबोधन में अभिभावकों को बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया तथा विद्यालय के नियमों और भविष्य की आवश्यकताओं के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में नर्सरी कक्षा के विद्यार्थियों द्वारा अपने नन्हें हाथों की छाप गतिविधि कराई गई। अंत में शिक्षिकाओं ने अभिभावकों के सहयोग एवं उत्साह के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

Discussion about this post