बदायूं संवाददाता।
विनावर थाना क्षेत्र के गांव कान्हा नगला में महिला और मासूम बच्चे की हत्या की घटना के बाद पूर्व मंत्री आबिद रजा पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। यहां उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और इस दुख की घड़ी में धैर्य बनाए रखने की अपील की।

पूर्व मंत्री आबिद रजा ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि यह इंसानियत को कलंकित करने वाली घटना है। एक महिला और मासूम बच्चे की इस तरह हत्या किया जाना बेहद दुखद और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि इस जघन्य वारदात को अंजाम देने वाले दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि उन्हें कानून के मुताबिक कड़ी सजा मिल सके।
इस दौरान आबिद रजा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा से फोन पर वार्ता कर दोहरे हत्याकांड का जल्द खुलासा करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करे। इस पर एसएसपी ने उन्हें आश्वासन दिया कि पुलिस टीमें घटना के खुलासे के लिए लगातार काम कर रही हैं और जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।

पूर्व मंत्री आबिद रजा ने मृतकों के परिजनों को भरोसा दिलाया कि वह इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़े हैं और परिवार की हर संभव मदद की जाएगी। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।

Discussion about this post