नया बदायूं, संवाददाता।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत भाजपा बदायूं द्वारा दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन दिनांक 15 एवं 16 मई 2026 को एमजी ग्रीन रिसॉर्ट मुड़िया धुरेकी में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण वर्ग में जनपद बदायूं के सभी जनप्रतिनिधि, विधायक, ब्लॉक प्रमुख, नगर निकाय चेयरमैन, जिला कार्यकारिणी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा, प्रकोष्ठ एवं विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी सहभागिता करेंगे और रात्रि प्रवास भी करेंगे।
जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि यह प्रशिक्षण वर्ग लगातार 30 घंटे तक 11 विभिन्न सत्रों में संचालित होगा, जिसमें केंद्रीय एवं प्रदेश स्तर से प्रशिक्षित विषय विशेषज्ञ कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक कार्यपद्धति, वैचारिक अधिष्ठान, राजनीतिक विषयों, सोशल मीडिया, नवीनतम तकनीकी से प्रशिक्षण प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल चुनाव लड़ने वाली पार्टी नहीं, बल्कि विचार एवं संगठन के आधार पर कार्य करने वाला विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है। यही कारण है कि भाजपा समय-समय पर अपने कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें वैचारिक रूप से दृढ़, संगठनात्मक रूप से सक्षम एवं राष्ट्रहित के प्रति समर्पित बनाने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए यह प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास एवं कार्यकुशलता का संचार करेगा। प्रशिक्षण के माध्यम से भाजपा ऐसे समर्पित, अनुशासित एवं अटूट संगठनात्मक योद्धा तैयार करेगी, जो बूथ स्तर तक पार्टी की विचारधारा और योजनाओं को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।

Discussion about this post