नया बदायूं, संवाददाता।
उत्तर प्रदेश राजकीय सिविल पेंशनर्स परिषद लखनऊ की जनपद शाखा बदायूं के तत्वावधान में 5 सितंबर को पेंशनर्स भवन में शिक्षक दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता परिषद के अध्यक्ष प्यारे सिंह यादव ‘शिशु’ ने की।
समारोह में आठ शिक्षकों प्यारे सिंह यादव ‘शिशु’, सुरेश चंद्र सक्सेना, आचार्य प्रताप सिंह, डॉ. राम बहादुर विशिष्ट, देवेश मिश्रा, श्याम चंद्र गुप्ता, ताराचंद्र कश्यप एवं गंगा सिंह पाल को माल्यार्पण कर डायरी और कलम भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के संचालक एवं परिषद के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा ने पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने अपना जन्मदिन देश के शिक्षकों को समर्पित कर दिया था। इसी कारण देशभर में उनका जन्मदिन शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है।
इस अवसर पर वरिष्ठ कवि एवं समीक्षक महेश मित्र ने गुरु वंदना प्रस्तुत की। इसके बाद आचार्य प्रताप सिंह ने डॉ. राधाकृष्णन के व्यक्तित्व एवं दर्शन शास्त्र के क्षेत्र में उनके योगदान पर विचार रखे। डॉ. राम बहादुर विशिष्ट ने बताया कि डॉ. राधाकृष्णन अमेरिका की ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में दर्शन शास्त्र पढ़ाते थे और वहां के मानद प्रोफेसर रहे।
शिक्षक दिवस के अवसर पर घनेश्वर सिंह तोमर और भीमसेन सागर ने भी अपने विचार व्यक्त किए। परिषद के उपाध्यक्ष ब्रजेश चौहान ने दो भक्तिगीत प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम में गुलाब सिंह राठौर, ओपी शर्मा, घनेश्वर सिंह तोमर, प्यारे लाल पाल, मनसुख लाल गुप्ता, हरप्रसाद सिंह राठौर, ताराचंद्र कश्यप, भीमसेन सागर सहित परिषद के अन्य सदस्य मौजूद रहे। अंत में परिषद अध्यक्ष प्यारे सिंह यादव ‘शिशु’ ने अध्यक्षीय संबोधन में सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन संतोष कुमार शर्मा ने किया।

Discussion about this post