बदायूं संवाददाता।
अलापुर थाना क्षेत्र के कस्बा म्याऊं में नाला बंद होने से जलभराव की समस्या लगातार बनी हुई है। जिला प्रशासन की ओर से नाला सफाई के लिए दुकानदारों को नोटिस जारी कर 21 नवंबर 2026 तक का समय दिया गया था, लेकिन निर्धारित तारीख निकलने के बाद भी नाले की सफाई नहीं कराई गई। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है और उन्हें रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कस्बे में स्वास्थ्य केंद्र के सामने वाली गली सहित आसपास के कई रास्तों पर गंदा पानी भरा हुआ है। सबसे ज्यादा परेशानी विद्यालय जाने वाले बच्चों को उठानी पड़ रही है। बच्चों को गंदे पानी से होकर स्कूल जाना पड़ता है। इस दौरान कई बार बच्चे पानी में गिर जाते हैं, जिससे उनके कपड़े खराब हो जाते हैं। जलभराव के कारण आसपास रहने वाले लोगों को भी आवागमन में दिक्कत हो रही है।
कस्बा निवासी विनय प्रताप सिंह ने इस समस्या को लेकर जिला प्रशासन से लिखित शिकायत की थी। उन्होंने बताया था कि उसहैत रोड पर शैलेश प्रताप सिंह की दुकान से लेकर मेला ग्राउंड तक नाला बंद पड़ा है। इसके कारण आसपास की कई गलियों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
शिकायत के बाद प्रशासन ने संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी कर 21 नवंबर तक नाला साफ कराने के निर्देश दिए थे। हालांकि समय सीमा समाप्त होने के बाद भी मौके पर कोई काम नहीं हुआ है। विनय प्रताप सिंह का कहना है कि नोटिस जारी होने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। यदि जल्द नाले की सफाई नहीं कराई गई तो वह दोबारा जिलाधिकारी से शिकायत करेंगे और जरूरत पड़ने पर अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के सामने भी मामला उठाएंगे।

Discussion about this post